खरगोन रामनवमी पर शोभायात्रा का मुस्लिमों ने फूलों से किया स्वागत,इसही दिन खरगोन में हुआ था दंगा

खरगोन रामनवमी पर शोभायात्रा का मुस्लिमों ने फूलों से किया स्वागत,इसही दिन खरगोन में हुआ था दंगा

मध्यप्रदेश के खरगोन में बीते साल रामनवमी पर हुए दंगों के बाद इस बार माहौल थोड़ा अलग है। यहां शहरवासियों में हुए संवाद सामंजस्य से माहौल बदला हुआ है। गुरुवार को रामनवमी पर दोपहर 2 बजे शोभायात्रा निकाली गई। इसमें 10 हजार से ज्यादा लोग शामिल हुए। प्रशासन ने 3 किलोमीटर के रूट में एक हजार से ज्यादा जवानों को तैनात किया था।

शोभायात्रा की शुरुआत भोला चौक बस स्टैंड स्थित मंदिर से हुई। दो घंटे बाद यात्रा तालाब चौक पहुंची। यह वहीं क्षेत्र है जहां पिछले साल सांप्रदायिक सौहार्द्र बिगड़ने की शुरुआत हुई थी। इस बार यहां मुस्लिम समाज के लोगों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया है।

एसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि जिले में लगभग 20 स्थानों पर चल समारोह निकला। सबसे बड़ा आयोजन खरगोन में हुआ। पुलिस ने कंट्रोल रूम में सीसीटीवी से निगरानी रखी। कलेक्टर शिवराज वर्मा ने कहा कि पूरे शहर में शांतिपूर्ण कार्यक्रम हुआ।

दंगाइयों ने चंद मिनटों में कई घरों को आग के हवाले कर दिया था। 70 से अधिक परिवारों को घर छोड़कर जाना पड़ा था। (फाइल फोटो)

पहले जानिए… क्या हुआ था पिछले साल रामनवमी को….

10 अप्रैल 2022 की रात रामनवमी पर डीजे पर नाचते-गाते गोशाला मार्ग से तालाब चौक क्षेत्र की तरफ श्रीराम शोभायात्रा 500 मीटर आगे बढ़ी ही थी। इसी दौरान क्षेत्र में पथराव हो गया। क्षेत्र में तैनात बल ने अपने स्तर पर बचाव किया, लेकिन वह नाकाफी रहा। तत्कालीन डीआईजी तिलक सिंह, कलेक्टर अनुग्रहा पी, एसपी सिद्धार्थ चौधरी, एडीएम एसएस मुजाल्दा, एसडीएम मिलिंद ढोके और टीआई बीएल मंडलोई सहित अमले ने शुरुआती तौर पर स्थिति संभाली, लेकिन छह से ज्यादा जगह पथराव व 30 से ज्यादा दुकान-मकान में आगजनी हुई।

एसपी को संजय नगर-मोतीपुरा क्षेत्र में बाएं पैर में चोट लगी। जमींदार मोहल्ला के एक किशोर को भी सिर में गंभीर चोट आई। उसे इंदौर रेफर किया गया था। पथराव में 10 से ज्यादा पुलिसकर्मी व 20 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। घटनाक्रम से शोभायात्रा स्थगित कर दी गई। कलेक्टर ने पहले पांच इलाकों में कर्फ्यू लगाया था, देर रात जब हालात काबू नहीं हुए, तो पूरे शहर में कर्फ्यू लगा दिया। देर रात फिर हिंसा भड़क गई।

लोग घरों में फंसे तो नेताओं और पुलिस को फोन लगाकर बचाओ-बचाओ चिल्लाते रहे, लेकिन उन्हें तत्काल कोई मदद नहीं मिल पाई। देर रात आनंद नगर, संजय नगर, मोतीपुरा में उपद्रवियों ने कुछ घर फूंक दिए। कुछ लोगों ने घरों में लूटपाट भी की। रात 9 बजे कोतवाली में कलेक्टर, सांसद, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व विधायक रवि जोशी एकत्रित हुए। यहां चर्चा की। इसके बाद सांसद व प्रदेश उपाध्यक्ष ने कलेक्टर से कहा कि पथराव वाले क्षेत्रों में लोग मदद के लिए फोन लगा रहे हैं। उनके मकानों में आग लगी है। वे बचाने की गुहार कर रहे हैं। कलेक्टर ने कहा कि इंदौर से पुलिस बल आने के बाद ही जाएंगे।

तत्कालीन कलेक्टर ने पहले पांच इलाकों में कर्फ्यू लगाया था, देर रात जब हालात काबू नहीं हुए तो पूरे शहर में कर्फ्यू लगा दिया। (फाइल फोटो)

शहर और जिले में भी समरसता दिखाई देगी: एसपी

एसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि सभी आयोजन समितियों के साथ ही शहर और गांव के वरिष्ठ नागरिकों से चर्चा की गई थी। आयोजन के समय और रूपरेखा को लेकर डिटेल में हर बिंदु पर चर्चा हुई। शहर में पूर्व में भी हुए धार्मिक आयोजनों में एक समुदाय ने दूसरे समुदाय का स्वागत किया है। ऐसे ही आने वाले त्योहारों के दौरान शहर और जिले में भी समरसता दिखाई देगी। सभी आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से निपटेंगे।

पिछले साल की घटना दुर्भाग्यपूर्ण

एसपी सिंह ने बताया कि वह दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी। आपराधिक गतिविधियों में लिप्त लोगों ने मौके का फायदा उठाकर घटना को अंजाम दिया। अधिकांश आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था। वे जेल में हैं। कुछ पर जिला बदर की कार्रवाई भी की गई है। पुलिस ने आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहने वाले आरोपियों का डाटाबेस भी तैयार किया है। जिन पर लगातार कार्रवाई भी की जा रही है।

खरगोन में रामनवमी पर ये आयोजन होंगे

खरगोन में भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकली। मुख्य आकर्षण का केंद्र श्रीमहाकाल मंदिर से 51 सदस्यीय टीम द्वारा थाल और डमरू की प्रस्तुति दी गई। साथ ही दो अखाड़ों के द्वारा करतब का प्रदर्शन किया गया। शोभायात्रा में 10 झांकी, 12 ध्वनि विस्तारक यंत्र, चार नगाड़ा पार्टी, जिसमें दो उज्जैन और दो नांदेड़ (महाराष्ट्र) की टीम रही। श्रीराम जन्मोत्सव समिति शहर के नागरिकों से अपने-अपने घरों पर भगवा ध्वज लहराने और सांयकाल दीप प्रज्ज्वलित करने का आग्रह किया था।

रामनवमी के जुलूस के लिए शहर एक बार फिर से सजकर तैयार है। जगह-जगह बैनर-पोस्टर लगाए जा रहे हैं।

ऐसा रहा शोभायात्रा का रूट

शोभायात्रा की शुरुआत दांगी मढ़ी (भोला चौक) मंदिर से दोपहर दो बजे हुई। इसके बाद शोभायात्रा तालाब चौक, गडरिया मंदिर, टवड़ी चौक, काला देवल मंदिर, गणेश मंदिर, किला गेट, सराफा बाजार, पोस्ट ऑफिस चौराहा, श्रीकृष्ण टॉकीज, बिस्टान रोड तिराहा से होते हुए अंत में बस स्टैंड पर स्थित श्रीराम मंदिर में पहुंची। महाआरती के साथ इसका समापन हुआ। शोभायात्रा के मार्गों पर जगह-जगह नगर के अनेक सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों द्वारा पुष्पमाला व फूलों आदि से स्वागत करते हुए सेवा स्टॉल लगाए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

आयुक्त एवं सह-संचालक डॉ. प्रियंका शुक्ला ने दंतेवाड़ा में स्वास्थ्य सेवाओं की गहन समीक्षा की

आयुक्त एवं सह-संचालक डॉ. प्रियंका शुक्ला ने दंतेवाड़ा में स्वास्थ्य सेवाओं की गहन समीक्षा की

रायपुर। स्वास्थ्य सेवाओं की आयुक्त एवं सह-संचालक डॉ. प्रियंका शुक्ला ने संयुक्त जिला कार्यालय, दंतेवाड़ा में स्वास्थ्य विभाग की बैठक लेकर यहां मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़,...