खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 का आज भव्य समापन, सीएम विष्णु देव साय के साथ मेरीकॉम-बाइचुंग भूटिया बढ़ाएंगे शान

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर आज खेल इतिहास के एक यादगार पल की गवाह बनने जा रही है। देश में पहली बार आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 का भव्य समापन आज शाम 5 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में होगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि होंगे, जबकि अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर एम.सी. मेरीकॉम और भारतीय फुटबॉल के दिग्गज बाइचुंग भूटिया की मौजूदगी इस समारोह को और खास बनाएगी।

जनजातीय प्रतिभाओं के महाकुंभ का भव्य समापन

25 मार्च से शुरू हुए इस ऐतिहासिक आयोजन ने छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान दी है। रायपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर में आयोजित विभिन्न स्पर्धाओं में देश के 30 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के करीब 2000 जनजातीय खिलाड़ियों और अधिकारियों ने हिस्सा लिया। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स ने न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच दिया, बल्कि जनजातीय युवाओं के आत्मविश्वास और सपनों को भी नई उड़ान दी।

खेल जगत की दिग्गज हस्तियों से सजेगा मंच

समापन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि होंगे। उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इसके साथ ही एम.सी. मेरीकॉम और बाइचुंग भूटिया जैसे दिग्गज खिलाड़ियों की मौजूदगी खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का बड़ा स्रोत बनेगी। समारोह में कई वरिष्ठ मंत्री, सांसद और जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे।

खेल के साथ संस्कृति और सम्मान का संगम

समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां कार्यक्रम का आकर्षण बढ़ाएंगी। खेल, संस्कृति और गौरव का यह संगम समापन समारोह को यादगार बना देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *