रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ लगातार वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। जापान प्रवास के दूसरे दिन मुख्यमंत्री साय ने निवेश, औद्योगिक सहयोग और नई प्रौद्योगिकियों में साझेदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लिया।
JETRO के साथ उच्चस्तरीय बैठक
टोक्यो में मुख्यमंत्री साय ने जापान एक्सटर्नल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (JETRO) के अधिकारियों से उच्चस्तरीय बैठक की। इसमें क्षेत्रीय विविधीकरण, व्यापार और तकनीकी सहयोग, आधारभूत संरचना विकास तथा छत्तीसगढ़ में उभरते निवेश अवसरों पर विस्तृत चर्चा हुई।मुख्यमंत्री ने राज्य की निवेशक-अनुकूल नीतियों, हाल के सुधारों और स्टार्टअप्स व नई पीढ़ी के उद्योगों को मिल रहे प्रोत्साहन की जानकारी साझा की।
स्पेस टेक्नोलॉजी की दिशा में छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री साय ने टोक्यो में आयोजित “Deep Space – To the Moon and Beyond” प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि उन्नत प्रौद्योगिकियां छत्तीसगढ़ के भविष्य की दिशा तय करने में निर्णायक भूमिका निभाएंगी।
गौरतलब है कि राजनांदगांव में भारत सरकार के सहयोग से स्पेस मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर स्थापित किया जा रहा है, जो राज्य को वैश्विक अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था से गहराई से जोड़ने में मदद करेगा।
भारतीय समुदाय से मुलाकात
जापान प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री साय ने वहां बसे भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों से भी संवाद किया। उन्होंने उन्हें राज्य की हालिया नीतिगत पहल, निवेश के अनुकूल माहौल और रोजगार सृजन की संभावनाओं से अवगत कराया।
भारतीय समुदाय ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि वे छत्तीसगढ़ और जापान के बीच संबंधों को मजबूत करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे और जापानी व्यवसायियों को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए प्रेरित करेंगे।
मुख्यमंत्री साय का यह दौरा निवेश, तकनीकी सहयोग और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी जैसे उभरते क्षेत्रों में छत्तीसगढ़ की वैश्विक साझेदारी को नए आयाम दे रहा है।
